Breaking News

BBC दफ्तर में सर्वे पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री का आया बयान, दिग्विजय बोले- ऐसा पहली बार हुआ

आयकर विभाग ने कथित कर अपवंचना की जांच के तहत दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों में एक ‘सर्वे ऑपरेशन’ चलाया। इसको लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। विपक्ष सरकार पर हमलवार है। इन सब के बीच केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का भी बयान सामने आ गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहां अनियमितताएं पाई जाती हैं, वहां समय-समय पर आयकर विभाग सर्वे करता है। उन्होंने ज्यादा जानकारी ना देते हुए कहा कि जब ये सर्वे का काम पूरा हो जाता है तब आयकर विभाग प्रेस नोट जारी कर जानकारी देते हैं। जब उनका काम पूरा हो जाएगा वो जानकारी दे देंगे। 
 

इसे भी पढ़ें: क्या बीबीसी पर आयकर कार्रवाई के बाद मिस्टर ए पर कार्रवाई होगी: महुआ मोइत्रा

वहीं, कांग्रेस इस मामले को लेकर सरकार पर हमला कर रही है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि विश्व में पहली बार BBC के 100 साल के इतिहास में उनपर इस तरह की कोई छापेमारी हुई है। उनकी गलती क्या थी, उन्होंने गुजरात के दंगों की एक डॉक्यूमेंट्री बनाई थी, जिसमें सभी का पक्ष रखा गया था। उन्होंने कहा कि राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कहा कि BBC की विश्वसनीयता देश और दुनिया में असाधारण है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को कारण बताना चाहिए कि आपने BBC जैसी संस्था को निशाना क्यों बनाया है? लोगों को भरोसे में लेना चाहिए नहीं तो मेरा मानना है कि दुनिया में सरकार और देश की बदनामी होगी। 
 

इसे भी पढ़ें: ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन का बड़ा बयान, पूरी तरह से बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई PM मोदी पर बनी BBC डॉक्यूमेंट्री

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे लगता है कि ये नहीं होना चाहिए था। लोग अभी यही सोचेंगे की ये BBC की आई 2 डॉक्यूमेंट्री का असर है। डॉक्यूमेंट्री से पहले ऐसा होता तो समझते कि इनकी(BBC) कोई गलती है। वहीं भाजपा ने बीबीसी पर भारत के खिलाफ ‘जहरीली’ रिपोर्टिंग करने का आरोप लगाया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आयकर विभाग की कार्रवाई की कांग्रेस द्वारा की गई आलोचना की निंदा की और कहा कि सरकारी एजेंसी को अपना काम करने देना चाहिए। उन्होंने बीबीसी को विश्व का सबसे ‘‘भ्रष्ट बकवास’’ संगठन करार दिया और याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी बीबीसी पर प्रतिबंध लगाया था। 

Loading

Back
Messenger