Breaking News

BJP शासन में लोकतंत्र और संविधान खतरे में है: Kharge

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी पार्टी के नेता पवन खेड़ा की गिरफ्तारी को लेकर बृहस्पतिवार को भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा शासन में लोकतंत्र और संविधान खतरे में है।
खरगे शुक्रवार से शुरू हो रहे पार्टी के 85 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए आज शाम रायपुर पहुंचे और उन्होंने यहां स्वामी विवेकानंद विमानतल पर संवाददाताओं से बातचीत की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, भाजपा हमारी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से हमारे प्रवक्ता खेड़ा को परेशान कर रही है।

असम पुलिस ने खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। कानून में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। मुझे खुशी है कि शीर्ष अदालत ने उनके जमानत दे दी। यह भाजपा पर एक तमाचा था।
उन्होंने भाजपा पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाया और कहा कि वह ऐसे कृत्यों की निंदा करते हैं।
खरगे ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, वह हमें संसद के अंदर और बाहर बोलने से रोकते हैं। वे हमारे देश में बोलने की आजादी को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। लोकतंत्र और संविधान उनके हाथों में सुरक्षित नहीं है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और कहा, जब रायपुर में राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी चल रही थी, तब ईडी द्वारा हमारी पार्टी के नेताओं के परिसरों पर छापे मारे गए जिससे सम्मेलन को बाधित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि लेकिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, राज्य में कांग्रेस के अध्यक्ष और पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इनके खिलाफ मजबूती से खड़े हैं और अधिवेशन को सफल बनाने में लगे हुए हैं।

Loading

Back
Messenger