Breaking News

जानिए Panipat की सीट पर BJP की क्या स्थिति है? इस बार का चुनाव Congress जीतेगी या फिर से बाजी मार लेगी भाजपा?

हरियाणा में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रभासाक्षी की टीम राज्य में पहुंच चुकी है। जहां की पानीपत विधानसभा सीट पर हमारे एडिटर नीरज कुमार दुबे ने भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं से बात करके राज्य के चुनावी माहौल को समझने की कोशिश की। 
पार्टी कार्यकर्ताओं ने भरोसा जताया कि इस बार के चुनाव में पूरा माहौल भगवामय हो चुका है और भारतीय जनता पार्टी पानीपत समेत पूरे हरियाणा में बड़ी जीत दर्ज करके पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का हरियाणा में पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो चुका है और उनके शीर्ष नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अपनी हार को लेकर डरे हुए हैं। इसी वजह से वे राज्य में चुनाव प्रचार करने का भी साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। पानीपत क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को बताते हुए बीजेपी के नेताओं ने बताया कि कोविड के अतिरिक्त बचे हुए साढ़े तीन साल में क्षेत्र में 100 से अधिक सामुदायिक भवनों का निर्माण हुआ है। 
तो वहीं, वर्तमान विधायक प्रमोद कुमार विज के कार्यकाल में क्षेत्र में सरकारी अस्पतालों की हालत सुधरी है और सड़कों का बड़े पैमाने पर विकास हुआ है। पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भरोसा जताया कि इस बार के चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार प्रमोद कुमार विज लगभग 70 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी के दावों को नकारते हुए कहा कि उनका हरियाणा में कोई अस्तित्व नहीं है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के पिछले 10 साल के कार्यकाल को कांग्रेस के पिछले 70 साल के कार्यकाल से बेहतर कहा जा सकता है।
उन्होंने विधायक प्रमोद कुमार को हरियाणा के सबसे ईमानदार विधायक करार देते हुए उनकी जमकर तारीफ की। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि कांग्रेस के पास भविष्य को लेकर विकास की कोई योजना नहीं है। उनके शासनकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को ही बढ़ावा दिया जाता है। इसीलिए लोगों का मन हरियाणा में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का बन चुका है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। तो वहीं, विपक्षी कांग्रेस सिर्फ एक खास परिवार पर ही अपना पूरा ध्यान लगती है। 
राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दो महीने के कार्यकाल को उन्होंने सफल बताते हुए कहा कि पिछले दो महीने में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घूम-घूम कर लगातार जनसंपर्क किया है और उनकी समस्याएं जानकर कई कल्याणकारी योजनाओं की भी घोषणा की है। राज्य में लगातार बढ़ रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैलियां की भी जमकर तारीफ करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने भरोसा जताया कि इससे पूरे हरियाणा में माहौल बीजेपी के पक्ष में हो चुका है और कार्यकर्ता भी नए जोश के साथ चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।
किसान आंदोलन, अग्नि वीर योजना और पहलवान आंदोलन को उन्होंने असफल करार देते हुए दावा किया कि आंदोलन के समय बैठे हुए किसान फर्जी थे। उसमें से अधिकतर किसान पाकिस्तान से आए थे, जो सिर्फ खालिस्तान की मांग करने के लिए आंदोलन में बैठे थे। उन्होंने कहा कि पहलवान सिर्फ नेता बनने के लिए आंदोलनरत थे। अग्नि वीर योजना की भी जमकर तारीफ करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि इससे देश में एक बड़ी युवाओं की फौज तैयार होगी। जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार होगी। साथ ही उनके रिटायरमेंट के बाद राज्य सरकार उनको आरक्षण देकर उन्हें स्थाई नौकरी देने का भी काम करेगी। प्रधानमंत्री मोदी और योगी आदित्यनाथ को उन्होंने कलयुग का अवतार बताते हुए कहा कि उनके कारण ही इस समय पूरे उत्तर प्रदेश और देश में कानून का राज कायम है।

Loading

Back
Messenger