Breaking News

Punjab और Haryana में लोहड़ी का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शुक्रवार को लोहड़ी का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
उत्सव के एक महत्वपूर्ण हिस्से के तौर पर अलाव जलाया गया और परिवार सुंदर मुंडरिए हो जैसे प्रसिद्ध गीतों की धुन पर थिरके। लोगों ने लोहड़ी से जुड़े तीन खाद्य पदार्थ गुड़, मूंगफली और मकई का लावा बांटा। दिन में कई जगहों पर बच्चों और युवाओं ने पतंगबाजी की प्रतियोगिता आयोजित की। लड़कियों ने कई स्थानों पर पारंपरिक पोशाक में लोक नृत्य गिद्दा किया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।

खट्टर ने ट्वीट किया, ‘‘प्रेम, भाईचारे और खुशियों के पावन पर्व लोहड़ी की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा, ‘‘सभी पंजाबियों को लोहड़ी के त्योहार की बधाई…।’’
इस बीच खट्टर ने करनाल के प्रेम नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में आम लोगों के साथ लोहड़ी का त्योहार मनाया। करनाल खट्टर का गृह निर्वाचन क्षेत्र है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस शुभ अवसर पर खट्टर ने राज्य के लोगों की समृद्धि और हरियाणा की प्रगति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने 14 जनवरी को मनाई जाने वाली मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई दी।
इस मौके पर खट्टर ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हें करनाल शहर के लोगों के साथ लोहड़ी मनाने का मौका मिला।

Loading

Back
Messenger