Breaking News

नायब सिंह सैनी की कैबिनेट में शामिल रहे Mahipal Dhanda फिर बने पानीपत ग्रामीण से BJP के प्रत्याशी, जानिए इनका राजनीति सफर

पानीपत ग्रामीण से विधायक और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की टीम में शामिल रहे महिपाल ढांडा पर भारतीय जनता पार्टी ने पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर भरोसा जताया है। वे नायब सैनी की सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार थे। ढांडा ने 1980 के दशक में आरएसएस की युवा शाखा के साथ अपना सफर शुरू किया था। पानीपत ग्रामीण से इनसे पहले ओमप्रकाश जैन कांग्रेस की हुड्डा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। वे पानीपत ग्रामीण विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार थे। महिपाल ढांडा पानीपत ग्रामीण से मंत्री बनने वाले दूसरे विधायक हैं। 
विधायक महिपाल ढांडा के परिवार का खेती के साथ हैचरी का व्यवसाय है। वे मूल रूप से पानीपत के कवी गांव से हैं। उनके पिता ताराचंद ढांडा सिंचाई विभाग में नौकरी करते थे। 49 वर्षीय महिपाल ढांडा की प्रारंभिक शिक्षा गांव के स्कूल और सफीदों में हुई। उन्होंने पानीपत के आर्य पीजी कॉलेज से अपनी स्नातक की पढ़ाई की। ढांडा ने 1980 के दशक में आरएसएस की युवा शाखा के साथ अपना सफर शुरू किया था। वे कॉलेज जीवन में एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री बने। स्नातक के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़ गए। उनको युवा मोर्चा का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया। इसके साथ पहले भाजपा के किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष और फिर प्रदेशाध्यक्ष भी बनाया गया।
उन्होंने वर्ष 2014 में पानीपत ग्रामीण विधानसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। उनके सामने निर्दलीय प्रत्याशी धारा सिंह रावल थे। उन्होंने धारा सिंह रावल को 36132 वोट से हराया। 2019 के चुनाव में उनका टिकट कटने की चर्चा भी चली। भाजपा आलाकमान ने उन पर भरोसा कायम रखा और उनको टिकट दिया। उन्होंने देवेंद्र कादियान को 21961 वोटों से हराया। ढांडा एक जाट नेता हैं और विधानसभा सत्र में विपक्षियों पर लगातार हमलावर रहते थे। इसके साथ पार्टी और संगठन में भी उनकी पकड़ मजबूत है। केंद्रीय मंत्रियों के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं। हलके के लोग उनके सामने अपनी समस्याएं खुलकर रखते हैं और वे हर संभव समस्या का आगे बढ़कर समाधान कराते हैं।

Loading

Back
Messenger