Breaking News

मान, खट्टर, केजरीवाल ने पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी के निधन पर शोक जताया

 पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी के निधन पर सोमवार को दुख जताया।
बेदी का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी अंजू, बेटा अंगद और बेटी नेहा हैं।

बेदी को ‘स्पिन का सरदार’ बताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उन्हें भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ‘सरदार ऑफ स्पिन’ बिशन सिंह बेदी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट प्रेमी के रूप में, मैं हमेशा बिशन सिंह बेदी जी के खेल का प्रशंसक रहा हूं…भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा बिशन सिंह जी का नाम हमेशा हमारी स्मृति में रहेगा। परिवार और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना।’’

बाद में अपने शोक संदेश में, मान ने महान स्पिनर के निधन को क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी क्षति बताया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘ भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी जी के निधन का समाचार बेहद दु:खद है। यह क्रिकेट जगत के लिए बड़ी क्षति है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बेदी जी न केवल क्रिकेट जगत में अपने योगदान के कारण, बल्कि अपने जादुई गेंदबाजी कौशल के कारण भी हमारी स्मृति में बने रहेंगे।’’
खट्टर ने कहा, ‘‘दु:ख की इस घड़ी में उनके परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बेदी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, महान स्पिनर और भारत के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ।

क्रिकेट में उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार और क्रिकेट बिरादरी के प्रतिगहरी संवेदना।
बेदी का जन्म 1946 में अमृतसर में हुआ था। उन्होंने भारत के लिए 67 टेस्ट मैच खेले और 266 विकेट लिए थे।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता अमरिन्दर सिंह ने कहा, भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी रहे बिशन सिंह बेदी का निधन हो जाने के बारे में जानकर दुख हुआ।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान ने अपनी बाएं हाथ की गेंदबाजी से भारत को कई यादगार पल दिए। दुख की इस घड़ी में मेरी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी बेदी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है। गुरुसाहब उन्हें इस क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Loading

Back
Messenger