दिल्ली नगर निगम के चुनाव के बीच बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने बड़ा दावा किया है। दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि 450 लोगों का वोट काट दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनके पास कई लोग आए हैं जिन्होंने शिकायत की है कि उनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि 450 वोटरों के नाम डिलिट किए गए हैं। ये चिंता की बात है कि इतने सारे वोटरों का नाम सूची से हटा दिया गया है। इतने वोटरों का नाम हटना एक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने सत्येंद्र जैन का नाम लिए बिना कहा कि साजिश रचने वाले लोग जेल में है। आप पार्टी ने उन जगहों पर वोट कटवाए हैं जहां बीजेपी का वोट है। उन्होंने कहा कि उनके इलाके में बीजेपी समर्थकों को वोटों को काट दिया गया है। उन्होंने कहा कि वो इस मामले की शिकायत करेंगे और फिर से चुनाव को रद्द करने की मांग कर फिर से चुनाव कराने की अपील करेंगे।
बता दें कि मनोज तिवारी का यमुना विहार इलाके में वोट है। इस वार्ड में चुनाव दोबारा कराए जाने की मांग मनोज तिवारी ने की है। उन्होंने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर निगम चुनाव में जीत को लेकर आप पार्टी आशवस्त है तो वोट काटने का काम क्यों कर रही है।
इससे पहले कांग्रेस पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी का भी वोट कट गया था। वो दल्लूपुरा स्थित मतदाता केंद्र में मतदान करने पहुंचे थे मगर इस दौरान उनका नाम मतदाता सूची में नहीं मिला। इसकी शिकायत भी उन्होंने चुनाव आयोग से की है।
250 सीटों पर हो रहा मतदान
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों पर होने वाले चुनाव के लिए 13,638 मतदान केंद्र और 68 पिंक पोलिंग बूथों पर वोटिंग हो रही है। इस बार चुनाव में 1336 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें 709 महिला प्रत्याशी हैं। दिल्ली में 104 सीटें पुरुषों के लिए रिजर्व है जबकि 104 सीट महिलाओं के लिए रिजर्व है। वहीं, 42 सीट एससी के लिए आरक्षित हैं। इन सीटों के लिए आज कुल 1,46,73,847 मतदाता वोट देंगे। इसमें 79,86,705 पुरुष व 66,86,081 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। दिल्ली एमसीडी पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है।