प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर ‘केवल एक परिवार’ की ‘चरणवंदना’ करने के लिए बृहस्पतिवार को निशाना साधा और कहा कि देश को आजादी सिर्फ एक परिवार ने नहीं दिलाई और ना ही देश का विकास सिर्फ एक परिवार ने किया है।
परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के लिए चार दिनों में मध्य प्रदेश के दूसरे दौरे पर आए मोदी ने गरीबों के नाम पर कथित तौर पर करोड़ों रुपये हड़पने के लिए कांग्रेस और उसके नेताओं की आलोचना की और कहा कि जब भारत कोरोना वायरस के खिलाफ एक प्रभावी टीका लेकर आया तो विपक्षी दलों ने संदेह जताया। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘किसी ने मुझे बताया कि दुनिया में लोगों की आंखें खोलने के लिए (भारत की टीका क्षमता के बारे में) द वैक्सीन वॉर नामक एक नयी फिल्म बनायी गई है।
ऐसी एक फिल्म हमारे देश में बनी है। हमारे वैज्ञानिकों ने एक चमत्कार किया और करोड़ों लोगों की जान बचाई और इस पर एक फिल्म बनायी गई है।
विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित फिल्म, 28 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। यह फिल्म भारतीय वैज्ञानिकों की सच्ची कहानी, कोविड-19 महामारी के खिलाफ उनकी लड़ाई और इस पर आधारित है कि उन्होंने कैसे भारत व दुनिया के लिए एक किफायती टीका विकसित किया।
मोदी जबलपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान और 12,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य में कई विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। मध्य प्रदेश में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
मोदी दो अक्टूबर को ग्वालियर में थे जहां, उन्होंने चुनाव से पहले कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
मोदी ने जबलपुर के कार्यक्रम में कांग्रेस या गांधी परिवार का नाम लिए बिना कहा, ‘‘आजादी के बाद दशकों तक जो दल सत्ता में रहा। उसने एक ही काम किया। एक परिवार की चरणवंदना की। एक परिवार की चरणवंदना के अलावा उसे देश की परवाह नहीं थी। देश को आजादी सिर्फ एक परिवार ने नहीं दिलाई। देश का विकास भी सिर्फ एक परिवार ने नहीं किया है। ये हमारी सरकार है, जिसने सभी का मान रखा, सम्मान रखा।’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने स्मारक बनाकर डॉ. बी. आर. आंबेडकर, संत रविदास, रानी कमलापति जैसे विभूतियों का सम्मान किया।
देश की तकनीकी प्रगति का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि लगभग 11 करोड़ फर्जी व्यक्तियों के नाम सरकारी रिकॉर्ड से हटा दिए गए क्योंकि उनके नाम पर लाभ लिया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा (11 करोड़) मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आबादी से भी ज्यादा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने कांग्रेस के भ्रष्ट नेटवर्क को खत्म करने और 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की चोरी को रोकने के लिए जनधन बैंक खातों, आधार संख्या और मोबाइल कनेक्शन की तिकड़ी बनाई और यही कारण है कि विपक्षी दलों की नाराजगी दिखती है।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले तत्कालीन कांग्रेस नीत सरकार के समय बड़े-बड़े घोटाले सुर्खियां बनते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के कल्याण पर खर्च होने वाला पैसा कांग्रेस नेताओं के खजाने में चला जाता था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने भ्रष्ट व्यवस्था को बदलने के लिए एक अभियान चलाया (2014 में केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद) और उन लाभार्थियों के नाम ढूंढे जो पैदा ही नहीं हुए थे। वहां भी हमने स्वच्छता अभियान चलाया। मोदी ने व्यवस्था को साफ कर दिया। न गरीबों का पैसा लूटने दूंगा और ना ही कांग्रेस की तिजोरी भरने दूंगा।’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि महिलाओं को धुएं वाले चूल्हे या लकड़ी से जलने वाले चूल्हे, जो उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा थे, की जगह उज्ज्वला योजना के माध्यम से खाना पकाने के लिए गैस कनेक्शन मुहैया कराया जाए।