भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार की नीतियां विनाशकारी रही हैं और जनता का असंतोष पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों के नतीजों में दिखेगा।
भाकपा के वरिष्ठ नेता ने यहां पार्टी की भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली के दौरान यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का दावा करते हैं। लेकिन उनकी सरकार की नीतियां विनाशकारी हैं। देश को कुशासन से बचाने के साथ-साथ लोकतंत्र को बचाने के लिए हमने समान विचारधारा वाली अन्य पार्टियों से हाथ मिलाया है।
राजा ने भाजपा विरोधी दलों को एक साथ लाने में जदयू के नेता एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका की सराहना की। उनकी सक्रियता की वजह से विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के गठन का मार्ग प्रशस्त हुआ।
बाद में, जब राजा से पत्रकारों ने नीतीश द्वारा कांग्रेस की आलोचना के बारे में सवाल पूछे, तो उन्होंने स्वीकार किया कि सीट बंटवारे में कठिनाइयां थीं, जिसके कारण जदयू और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी जैसे ‘इंडिया’ के घटक दलों को उन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने पड़े जहां कांग्रेस चुनाव लड़ रही है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाकपा कि इस रैली को पूर्व में संबोधित करते हुए ‘इंडिया’ गठबंधन पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने और राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनावों में व्यस्त होने के लिए कांग्रेस की आलोचना की थी।
भाकपा नेता ने कहा, हमने कांग्रेस नेतृत्व से बात की है और उन्हें अपने विचार से अवगत कराया है कि ‘इंडिया’ में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उसे अपनी जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए और कनिष्ठ सहयोगियों के प्रति अधिक उदार होना चाहिए।
हालांकि, किसी भी गठबंधन में सीट बंटवारे में समस्याएं हमेशा होती हैं।
हालांकि, भाकपा नेता ने कहा, इन छोटे मतभेदों ने हमारे राजनीतिक नजरिए को प्रभावित नहीं किया है, जो संयुक्त रूप से भाजपा से लड़ना, उसे सत्ता से बाहर करना है और एक ऐसी सरकार बनाना है जो धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक हो। हम अगले लोकसभा चुनाव में सफल होंगे।
उन्होंने कहा, ज्यादातर सर्वेक्षणों में यह स्पष्ट है कि जनता का मूड भाजपा के खिलाफ है। जनता का यह मूड विधानसभा चुनावों के नतीजों में दिखाई देगा और हम लोकसभा चुनाव में भी इसी गति को बनाए रखेंगे।
भाकपा की रैली को राजद के नेता तेजस्वी यादव ने भी संबोधित किया।