Breaking News

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बने देश के दूसरे सबसे लंबे समय तक सेवाएं देने वाले मुख्यमंत्री

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक शनिवार को देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री के पद पर रहने वाले दूसरे मुख्यमंत्री बन गए। नवीन पटनायक ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु का रिकॉर्ड तोड़ा है।
देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड अभी भी सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के नाम है। चामलिंग 12 दिसंबर, 1994 से 27 मई, 2019 तक 24 वर्षों से अधिक समय तक हिमालयी राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे।
ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे पटनायक ने पांच मार्च 2000, को पदभार संभाला था और वह 23 वर्ष एवं 138 दिनों से इस पद पर हैं।
बसु ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में 21 जून, 1977 से पांच नवंबर, 2000 तक अपनी सेवाएं दी थी और उनका कार्यकाल 23 वर्ष एवं 137 दिन का था।

किसी राज्य के लगातार पांच बार मुख्यमंत्री बनने वाले नेताओं में चामलिंग और बसु के बाद पटनायक तीसरे नेता हैं। अगर सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) 2024 का विधानसभा चुनाव जीतती है, तो पटनायक भारत में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री के पद पर रहने वाले शख्स होंगे।
बीजद के उपाध्यक्ष प्रसन्ना आचार्य ने बताया, हमें खुशी है कि हमारे मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुखिया ज्योति बसु के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मैं आश्वस्त हूं कि पटनायक अतीत के सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त करेंगे और सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले नेता बनेंगे।

कांग्रेस नेता एस.एस. सालुजा ने कहा, हम नवीन पटनायक को दूसरे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने के लिए बधाई देते हैं लेकिन हमें दुख है कि पटनायक अपने कार्यकाल के दौरान कुछ भी नहीं कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुरेश पुजारी ने कहा कि इतिहास यह याद नहीं रखेगा कि कौन कितने लंबे वक्त तक मुख्यमंत्री रहा बल्कि यह याद किया जाएगा कि किसने कितनी कम अवधि में इतिहास रचा।

Loading

Back
Messenger