हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखविंदर को मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी है। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि, “सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने और शपथ लेने पर बहुत बधाई। मैं हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए केंद्र की तरफ से हर संभव सहयोग का आश्वासन देता हूं।”
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा जीत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर घमासान मचा हुआ था। हालांकि शनिवार की देर शाम ये घमासान तब शांत हुआ जब आलाकमान की तरफ से मुख्यमंत्री पद के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लग गई। सूत्रों के हवाले से जो खबर आई है उसके मुताबिक के सुखविंदर सिंह सुक्खू के पक्ष में ज्यादा विधायक खड़े थे। यही कारण है कि आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम को आगे बढ़ाया। इससे पहले प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपे जाने की चर्चा थी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समर्थक लगातार उनके पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे। हालांकि पार्टी ने कई कारणों के मद्देनजर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने से गुरेज किया। शनिवार को प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने के समर्थन में नारे भी लगाए थे।