Breaking News

Mann ki Baat कार्यक्रम में PM Modi ने की उत्तर प्रदेश की तारीफ, रिकार्ड पौधे लगाने की सराहना की

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में 30 करोड़ से अधिक पौधे लगाये जाने का जिक्र करते हुए इसे जनभागीदारी और जन जागरण का बड़ा उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते 22 जुलाई को उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड 30.21 करोड़ पौधरोपण किया गया। योगी आदित्यनाथ ने यहां अपने सरकारी आवास पर मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना।
प्रधानमंत्री ने कहा , ‘‘राज्य में एक दिन में 30 करोड़ पौधे लगाने का रिकॉर्ड बनाया गया है। इस अभियान की शुरुआत राज्य सरकार ने की और उसे वहां के लोगों ने पूरा किया। हम सभी को पौधे लगाने और पानी बचाने के प्रयासों का हिस्सा बनना चाहिए।’’
प्रधानमंत्री की ओर से पौधरोपण अभियान की प्रशंसा किये जाने के बाद मुख्यमंत्री ने आभार प्रकट किया। उन्होंनेट्विटर पर लिखा , ‘‘ प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से यहां पौधरोपण जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। हम सभी हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण हेतु भरपूर प्रयास कर रहे हैं। उसी क्रम में 77 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी पांच करोड़ पौधरोपण के लिए संकल्पित हैं। ’’
आधिकारिक बयान के अनुसार इस वर्ष राज्य सरकार का लक्ष्य 35 करोड़ पौधे रोपने का है। इसमें से 30.21 करोड़ पौधे 22 जुलाई को रोपे गये हैं तथा 15 अगस्त को पांच करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। खास बात ये है कि राज्य के सबसे शुष्क क्षेत्र बुंदेलखंड के सात जिलों में तकरीबन पांच करोड़ पौधे रोपे गये हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों में बढ़े तीर्थाटन के भाव को भी सराहा। उन्होंने विशेष रूप से अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का उल्लेख करते हुए कहा कि आज काशी में एक साल में 10 करोड़ लोग काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आ रहे हैं, इसके अलावा मथुरा, अयोध्या में भी तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इससे लाखों गरीब लोगों के लिए रोजगार के नये अवसर उपलब्ध हुए हैं।

Loading

Back
Messenger