Breaking News

Dussehra कार्यक्रमों में शामिल हुईं राष्ट्रपति Droupadi Murmu और Sonia Gandhi, PM Modi ने भी किया रावण दहन

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और कई अन्य नेता मंगलवार को दशहरा के मौके पर दिल्ली में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। नवरात्रि के समाप्त होने के बाद दशहरा मनाया जाता है। इस दिन रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों को जलाया जाता है जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। राष्ट्रपति मुर्मू ने यहां लाल किले के सामने मैदान में श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा आयोजित दशहरा कार्यक्रम में शिरकत की, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने द्वारका में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। श्री धार्मिक लीला समिति 1924 से शहर में रामलीला कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। राष्ट्रपति मुर्मू शाम करीब छह बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचीं और समिति के सदस्यों के साथ पूजा-अर्चना की। मुर्मू के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन भी थे। बाद में उन्हें धनुष और बाण दिया गया जिससे उन्होंने निशाना लगाकर सांकेतिक रूप से पुतले दहन किए।
 

इसे भी पढ़ें: Dussehra 2023 । PM Narendra Modi ने जातिवाद, क्षेत्रवाद को जड़ से खत्म करने का किया आह्वान

द्वारका के कार्यक्रम में आयोजकों ने प्रधानमंत्री मोदी का पारंपरिक स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग ‘लंका दहन’ देखने के लिए उत्सुकता से इंतजार कर रहे थे। मोदी का स्वागत शॉल ओढ़ाकर किया गया। उन्हें राम दरबार की मूर्ति और गदा भी भेंट की गई। उन्होंने रस्मी धनुष का उपयोग करके एक तीर चलाया, जिससे लंका दहन की शुरुआत हुई। मोदी ने अपने संबोधन में कहा, यह एक ऐसा पर्व है जो अहंकार पर विनम्रता की जीत का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विजयादशमी संकल्प और हमारे संकल्पों को दोहराने का पर्व है। उन्होंने अयोध्या में बन रहे नए राम मंदिर का भी जिक्र किया।
 

इसे भी पढ़ें: अगर सत्ता मैं बैठे लोग सत्ता बरकरार रखना चाहते हैं, तो युवाओं को नजरअंदाज नहीं कर सकते : शरद पवार

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी यहां लाल किले के निकट दशहरा उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुईं। वह नव श्री धार्मिक लीला कमेटी मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में सम्मिलित हुईं। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश अग्रवाल और कुछ अन्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम में जय श्री राम के नारों के बीच गांधी को रामायण की एक प्रति उपहार में दी गई।गांधी ने राम, सीता और लक्ष्मण का तिलक किया। इसके बाद रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी लाल किले के पास विभिन्न रामलीला समितियों द्वारा आयोजित दशहरा कार्यक्रमों में शामिल हुए।

Loading

Back
Messenger