Breaking News

प्रियंका गांधी ने विपक्षी सदस्यों के साथ दिखाई एकजुटता

लोकसभा की सदस्यता की शपथ लेने के एक दिन बाद शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा सदन पहुंची और विपक्षी सदस्यों के साथ एकजुटता दिखाते हुए उनके साथ प्रदर्शन में शामिल हुईं।

केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी ने सदन में तब प्रवेश किया जब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित कई विपक्षी सदस्य संभल हिंसा और अन्य मुद्दों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।

प्रियंका गांधी उनके साथ एकजुटता दिखाते हुए अपनी सीट के पास खड़ी रहीं। विरोध के बीच उन्होंने विपक्षी दलों के सांसदों से मुलाकात भी की और उनका अभिवादन किया।
जैसे ही वह अन्य सदस्यों से मिलने के लिए विपक्षी खेमे की अग्रिम पंक्ति के करीब गईं, द्रमुक सांसद कनिमोई को उन्हें अपने साथ बैठने का इशारा करते देखा गया।

प्रियंका ने कुछ देर कनिमोई से बातचीत के बाद अन्य सदस्यों का अभिवादन किया।
सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों के सदस्यों के साथ बातचीत करते देखा गया।

Loading

Back
Messenger