Breaking News

भाजपा की समाज तोड़ो और राज करो की नीति को समझ चुकी है जनता: राय

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पूर्व में निकाली गयी भारत जोड़ो यात्रा के बाद सभी जाति और धर्म के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की समाज तोड़ो और राज करो की नीति से वाकिफ हो चुके हैं और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी।
कांग्रेस के प्रान्तीय प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अजय राय ने कहा कि कांग्रेस की सोच और नीतियों से प्रभावित होकर लोग उससे जुड़ रहे हैं।
कांग्रेस द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक राय ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त प्रदेश की जनता कांग्रेस की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा ने देश का ‘मूड’ बदल दिया है। सभी जाति और धर्म के लोग भाजपा की समाज तोड़ो राज करो की नीति और नीयत से परिचित हो चुके हैं।’’
राय ने कहा, बंटवारे की राजनीति करने वाले दलों को छोड़कर लोग कांग्रेस में विश्वास जता रहे हैं। कांग्रेस लोगों को जोड़ने में विश्वास करती है, इसीलिए कांग्रेस का कारवाँ लगातार बढ़ रहा है। हर पार्टी कार्यकर्ता प्रण ले चुका है कि संविधान समाप्त करने की कोशिश कर रही भाजपा को वर्ष 2024 में सत्ता से उखाड़ फेंकना है।
गाजीपुर की दिलदार नगर सीट से विधायक रह चुके पशुपतिनाथ राय बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे जिसे छोड़कर वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी जनसेवा के विचार को छोड़ चुकी है।उन्होंने कहा कि भाजपा अब सिर्फ़ उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है, अब कांग्रेस ही देश की एकमात्र उम्मीद है।
हमीरपुर से पूर्व सपा विधायक गयादीन अनुरागी ने कहा कि प्रदेश में दलितों पर अत्याचार हो रहा है और सरकार अपराधियों को बचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों को सम्मान दिया और उन्हें मज़बूत किया है और वर्ष 2024 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

Loading

Back
Messenger