कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में है। पंजाब में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को बड़ी सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि पंजाब के मुख्यमंत्री को अरविंद केजरीवाल के दबाव में नहीं आना चाहिए। दरअसल, पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत हुई थी जिसके बाद भगवंत मान वहां के मुख्यमंत्री बने। हालांकि, विपक्ष बार-बार यह दावा करता है कि पंजाब सरकार को दिल्ली से आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम चलाती है। इसी को लेकर एक बार फिर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भगवंत मान को यह सलाह दी है। अपने बयान में राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान का हर प्रदेश का अपना इतिहास होता है, वहां की अपनी भाषा होती है, जीने का तरीका होता है।
इसे भी पढ़ें: ‘RSS पेड़ है और BJP उसका फल’, कन्हैया कुमार बोले- धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर हो रही सांप्रदायिक राजनीति
इसके साथ ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब को पंजाब से ही चलाया जाना चाहिए। पंजाब को दिल्ली से नहीं चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं पंजाब के चीफ मिनिस्टर से कहना चाहता हूं कि आप पंजाब के मुख्यमंत्री हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली के दबाव में केजरीवाल के दबाव में भगवंत मान को नहीं आना चाहिए। यह पंजाब का इतिहास है और पंजाब के इज्जत की भी बात है। आप को स्वतंत्र रूप से काम करना चाहिए, किसी का रिमोट कंट्रोल नहीं बनना चाहिए। वहीं, कांग्रेस ने एक ट्वीट कर कहा कि असंख्य कदमताल अब गर्जन बन चुकी हैं, जिनका सिंहनाद एक संदेश है- नफ़रत का अंधेरा कितना भी घना हो, प्यार की एक लौ उसे मिटाने के लिए काफी है।
इसे भी पढ़ें: RVM को लेकर ईवीएम की तरह क्यों गढ़ी जा रही है थ्योरी? कांग्रेस सहित 16 विपक्षी दलों का क्यो है विरोध
राहुल ने आगे कहा कि ये जो महंगाई बढ़ती जा रही है इससे चोट किसान और मजदूर को लगती है, बेरोजगारी की चोट हिंदुस्तान के अरबपतियों के बच्चों को नहीं लगती बल्कि आम लोगों के बच्चों को लगती है इसलिए हमने बेरोजगारी, महंगाई और नफरत के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि हम 19 तारीख की दोपहर में जम्मू में प्रवेश करेंगे और 20 तारीख को जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा शुरू करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने 30 तारीख के लिए 23 पार्टियों को भारत जोड़ो में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया है। इनमें से कितनी पार्टी आएंगी यह हमें नहीं पता।