आमतौर पर ऑनलाइन बाइक या कैब बुकिंग ऐप के जरिए गाड़ी बुक कर सफर करना व्यक्ति के लिए काफी सुविधाजनक होता है। इस सुविधा का उपयोग ग्राहक भी इसलिए करते हैं कि आसानी से उनका सफर कट सके मगर कभी कभी उनके साथ इस सफर में ऐसे हादसे हो जाते हैं जिन्हें भूलना काफी मुश्किल होता है। ऐसा ही एक हादसा बेंगलुरु में एक महिला के साथ हुआ जिसने रैपिडो बाइक के जरिए बाइक बुक की थी।
बेंगलुरु में ऑनलाइन बाइक राइडिंग ऐप के जरिए बाइक बुक करना एक महिला के लिए काफी खौफनाक अनुभव हो गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला बाइक से छलांग लगाती हुई दिख रही है। महिला ने बाइक राइडर पर आरोप लगाया है कि उसने महिला का मोबाइल छीना और महिला को दूसरे रास्ते ले जाने लगा था, जिससे खुद को बचाने के लिए महिला को बाइक से कूदना पड़ा।
इस मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी रेपिडो बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार बाइक चालक ने ओटीपी देखने का बहाना कर महिला का फोन अपने हाथ में लिया था। इसके बाद वो महिला के साथ दुर्व्यवहार करने लगा था। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान दीपक के तौर पर हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पर धारा 354 (महिला का शीलभंग करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग) और 366 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक घटना 21 अप्रैल की रात की है। इस दौरान आरोपी बाइक ड्राइवर ने ओटीपी देखने के बहाने से महिला के हाथ से फोन छीना था। इसके बाद कहा कि बैठिए। महिला को बैठाकर आरोपी तय जगह के लिए बाइक लेकर नहीं निकला बल्कि वो एयरपोर्ट की तरफ बाइक मोडकर चलाने लगा। महिला को अनहोनी की भनक लगते ही वो बाइक से कूद गई। जानकारी के मुताबिक महिला ने चेतावनी दी की अगर बाइक चालक ने बाइक नहीं रोकी तो वो शोर मचाएगी मगर बाइक चालक फिर भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।