Breaking News

राज्यसभा के रास्ते मोदी कैबिनेट में शामिल हुए Satish Chandra Dubey, कोयला और खान मंत्रालय का मिला दायित्व

दो बार राज्यसभा सासंद चुने जा चुके सतीश चंद्र दुबे को इस बार मोदी सरकार 3.0 में केंद्रीय मंत्री बनने का मौका मिल गया है। उन्हें कोयला और खान मंत्रालय का राज्यमंत्री बनाया गया है।  2014 का लोकसभा चुनाव जीत चुके सतीश इस बार राज्यसभा सासंद बनकर संसद पहुंचे हैं। सतीश चंद्र दुबे भारत की राजनीति में जाना पहचाना चेहरा हैं। वो 16वीं लोकसभा में सांसद रह चुके हैं और लगातार दो बार विधायक भी चुने जा चुके हैं। सतीश चंद्र इस समय बीजेपी के बिहार से राज्यसभा सांसद हैं। बतौर सांसद यह उनका दूसरा कार्यकाल है जो की साल 2028 तक चलने वाला है।
पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज के हरसरी में 2 मई 1975 को जन्में सतीश चंद्र दुबे उत्तर बिहार के एक मजबूत ब्राह्मण नेता हैं। 1993 पंचायत अध्यक्ष के पद से सियासी सफर शुरू करने वाले सतीश दुबे तीन बार एमएलए रह चुके हैं। वो वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र से सतीश चंद्र दुबे 2014 से लेकर 2019 तक लोकसभा के सांसद रह चुके हैं। 2019 में टिकट कटने के बाद बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा भेजा दिया। इससे पहले वो चनपटिया और नरकटियागंज से विधायक भी रह चुके हैं। अब राज्यसभा के रास्ते मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। इससे पहले बिहार के वाल्मीकि नगर में बीजेपी की शानदार जीत और एनडीए की भारी बहुमत से जीत के बाद बगहा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत समारोह आयोजन किया था।
पहली बार 2019 में राम जेठमलानी के निधन के बाद शेष अवधि के लिए राज्यसभा सदस्य बनाए गए। फिर पार्टी ने इन्हें 2022 में संसद के उच्च सदन राज्यसभा में भेजा। सतीश चंद्र दुबे ने बताया कि बीते दोनों लोकसभा चुनाव में पार्टी के निर्देश पर मैंने गठबंधन धर्म का ईमानदारी और मेहनत से निर्वहन किया।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के जदयू प्रत्याशी को जिताने में पूरे कार्यकर्ताओं के साथ दिन-रात एक किया और सफलता मिली। स्थानीय जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सोनी ने बताया कि बीते साल लौरिया में गृह मंत्री के कार्यक्रम की तैयारी और सभा में जनता की भागीदारी को देखकर शाह ने सतीश चंद्र दुबे की पीठ थपथपाई थी। तभी लग गया था कि युवा नेता की लगातार मेहनत आने वाले दिनों में रंग दिखाएगी। भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर लोगों में काफी खुशी है। उनके गांव हरसरी से लेकर शहर में जश्न मन रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं की खुशी चरम पर है। टाउन क्लब के खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं।

Loading

Back
Messenger