Breaking News

Rajasthan में झुलसाने वाली गर्मी, आगामी दिनों में लू चलने की चेतावनी

राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ झुलसाने वाली गर्मी और लू चलने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। गर्मी के कारण लोगों की आवाजाही कम हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि बाड़मेर 45.7 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।

विभाग के अनुसार शुक्रवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस,बीकानेर-चूरू में 45.3-45.3 डिग्री सेल्सियस,जैसलमेर-फलोदी-टोंक-जालौर में 45-45 डिग्री सेल्सियस,डूंगरपुर मे 44.3 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर -वनस्थली (टोंक) में 44.2-44.2पिलानी (झुंझुनूं) में 44.1, अन्य प्रमुख शहरों में 43.7 डिग्री सेल्सियस से लेकर 41.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
इसके अनुसार, रात का तापमान 30.2डिग्री सेल्सियस से लेकर 20.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना है।

विभाग के अनुसार इस दौरान यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहने की संभावना है।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक नये पश्चिमी विक्षोभ से 13-14 मई से दोपहर बाद जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं तेज आंधी चलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 15-16 मई को आंधी-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट आने की संभावना है।

Loading

Back
Messenger