Breaking News

शाह ने ओडिशा प्रदेश भाजपा के नेताओं से कहा: बीजद सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के नेताओं के साथ बंद कमरे में शनिवार को बैठक की और उनसे राज्य में नवीन पटनायक सरकार के भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं को उजागर करने का आग्रह किया। भाजपा के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
इससे कुछ घंटे पहले शाह ने लगातार पांच बार राज्य का मुख्यमंत्री बनने के लिए पटनायक की सराहना की थी। दिलचस्प है कि शाह की ओर से भाजपा नेताओं से की गई अपील से कुछ दिन पहले ही पटनायक की बीजू जनता दल (बीजद) ने ऐलान किया था कि वह दिल्ली सेवा अध्यादेश का स्थान लेने के लिए लाए गए विधेयक का संसद में समर्थन करेगी और केंद्र में राजग सरकार के खिलाफ विभिन्न दलों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का विरोध करेगी।

ओडिशा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि गृह मंत्री ने ओडिशा के भाजपा नेताओं से बूथ स्तर पर पार्टी के संगठन को मजबूत करने और राज्य सरकार में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि शाह ने पार्टी नेताओं को स्थानीय मुद्दों को उठाने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उनसे जुड़े रहने की भी सलाह दी।
सामल ने कहा कि राज्य के भाजपा नेताओं से लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि शाह ने उन्हें यह भी बताया कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन कैसे शुरू किया जाए।
यहां लोक सेवा भवन में पटनायक के साथ आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद, शाह भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे जहां उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ दोपहर का भोजन किया।बाद में, उन्होंने पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों, विधायकों, सांसदों और प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बंद कमरे में बैठकें कीं।
इसी तरह की एक बैठक में मौजूद केंद्रीय मंत्री बिशेश्वर टुडू ने कहा कि शाह ने प्रदेश भाजपा नेताओं से आदिवासियों और कमजोर लोगों के लिए लड़ने को कहा।

Loading

Back
Messenger