Breaking News

सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का 50वां जन्मदिन लोक कल्‍याण दिवस के रूप में मनाया

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 50वां जन्मदिन शनिवार को लोक कल्याण दिवस के रूप में राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश एवं अन्य राज्यों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया।
जन्मदिन के मद्देनजर सुबह से ही सपा के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने अखिलेश को फूलमालाओं से लाद दिया। राज पुरोहित पंडित हरी प्रसाद ने स्वस्तिवाचन कर आशीर्वाद दिया।
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर शुभकामना और बधाई देने वाले सभी लोगों, पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं, परिजनों, देश, प्रदेश के सभी नेताओं का आभार प्रकट करते हुए अखिलेश यादव ने स्नेह प्रकट करते हुए सभी को धन्यवाद दिया।
यादव ने अपने जन्मदिन पर कहा, हम सभी लोग संकल्प ले रहे है कि जो रास्ता बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर, डॉ0 राम मनोहर लोहिया ने और नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने दिखाया है, उस पर चलते हुए समाजवादियों ने समय-समय पर संघर्ष किया है।

समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का काम किया है। हमें उन कामों को पूरा करना है जिससे देश में समाजवादी व्यवस्था लागू हो, जिससे गरीब, किसान, नौजवान सभी खुशहाल हो।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने संकल्प पत्र पढ़ा जिसको सभी उपस्थित लोगों ने दुहराया और संविधान तथा लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेते हुएयादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के 50वें जन्मदिन पर टमाटर जैसा केक काटा और इसकी बढ़ती कीमतों को रेखांकित करने के लिए लोगों के बीच टमाटर बांटे।
शनिवार को बाराबंकी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन पर केक काटकर कार्यकर्ताओं को खिलाकर सबको धन्यवाद दिया। वह एक कार्यक्रम में शामिल होने यहां आये थे।
अमेठी जिले में, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पानी से भरे धान के खेत में एचबीडी अखिलेश जी की आकृति में धान के पौधे रखे और एक तस्वीर खिंचवाई।
वाराणसी में कार्यक्रम का आयोजन करने वाले एक पार्टी कार्यकर्ता ने कहा कि वे मिठाइयां बांट सकते थे लेकिन मिठाइयां भी महंगी हो गई हैं।

सपा कार्यकर्ता अजय फौजी ने पीटीआई-से कहा, हम हमेशा अपने नेता का जन्मदिन धूमधाम से मनाते हैं। लेकिन इस बार महंगाई चरम पर है। हम मिठाइयां बांट सकते थे लेकिन मिठाइयां भी महंगी हो गई हैं। टमाटर की कीमत 120 रुपये किलो है। हमारे गांवों में, हम टमाटर की चटनी के साथ चपाती खाते हैं, लेकिन वह भी हमारी थाली से छीनी जा रही है।”
समाजवादी पार्टी (सपा) के इस कार्यकर्ता ने कहा, इसलिए, हम टमाटर बांट रहे हैं और टमाटर जैसा केक भी काट रहे हैं।
फौजी ने यह भी बताया, ‘‘शनिवार को 50-60 परिवारों को 250 ग्राम वजन के टमाटर बांटे गये।’’
केक के बारे में विस्तार से बताते हुए फौजी ने कहा, केक टमाटर जैसा दिखता था और टमाटर का रंग समाजवादी पार्टी के पार्टी झंडे के रंगों (लाल और हरे रंग का संयोजन) से मिलता जुलता है।
शनिवार को समाजवादी पर्टी के रामपुर कार्यालय पर पार्टी के वरिष्‍ठ नेता, पूर्व मंत्री आज़म खान ने अखिलेश यादव के जन्‍मदिन पर कुछ अलग अंदाज में केक काटा। उन्होंने एक हाथ मे चाकू लिया तो दूसरे में कलम और फिर चाकू की जगह क़लम से ही केक काट दिया।

इसके बाद उन्होंने कहा कि आज का यही संदेश है चाकू से काटा जाता है और कलम से तकदीर बदली जाती है।
इस मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सलाह देते हुए उन्होंने कहा के समाजवाद का चोला ओढ़कर पार्टी में आने वाले नकली समाजवादी लोगों ने बड़ा नुकसान किया है। हम चाहेंगे कि ऐसे लोग जो समाजवादी पार्टी में दाखिल हो रहे हैं, हमारा राष्ट्रीय नेतृत्व उनको ठोकर मार कर हटा दें।
अमेठी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पानी से भरे धान के खेत में एचबीडी अखिलेश जी की आकृति बनाकर धान के पौधे रखे।
सपा की जिला इकाई के अध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा, अखिलेश यादव समाज के हर वर्ग के कल्याण के बारे में चिंतित हैं, चाहे वह किसान, मजदूर, गरीब लोग और उत्पीड़ित वर्ग हों। वह उनके हितों के लिए लड़ते हैं।
अमेठी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने पानी से भरे धान के खेत में एचबीडी अखिलेश जी की आकृति में धान के पौधे रखकर उनका जन्मदिन मनाया।
लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने अपने पार्टी प्रमुख का जन्मदिन लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाया। पार्टी कार्यालय के आसपास के क्षेत्र को लाल पोस्टरों से सजाया गया था और आकर्षण का केंद्र बने एक पोस्टर पर अखिलेश यादव को भावी प्रधानमंत्री लिखा हुआ था।

यह पोस्टर सपा प्रवक्ता फखरुल चांद ने लगाया है जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी है और उन्हें भावी प्रधानमंत्री अखिलेश यादव कहकर संबोधित किया है।
सपा की उप्र इकाई के अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पीटीआई-को बताया कि पोस्टर कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, मैं ईश्वर से पार्टी कार्यकर्ता और लोगों की इच्छा पूरी करने की प्रार्थना करता हूं।
सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव हमारे देश के नेता हैं और जिस तरह से भाजपा ने उन्हें 2022 में मुख्यमंत्री बनने से रोका, यह बात लोग जानते हैं और हमारी पार्टी के कार्यकर्ता चाहते हैं कि वह देश का नेतृत्व करें.
अखिलेश यादव का जन्मदिन मना रहे पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर भंडारे का आयोजन कर मिठाइयां बांटी।
इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय के अंदर पार्टी कार्यकर्ताओं और अपने शुभचिंतकों का अभिवादन किया। हालांकि समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पोस्टर पर उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसा है।
मौर्य ने कहा, सबसे पहले मैं उन्हें (अखिलेश यादव) जन्मदिन की शुभकामनाएं देना चाहता हूं।

लेकिन, जहां तक राजनीति का सवाल है, मुझे नहीं लगता कि समाजवादी पार्टी (आगामी चुनाव में) एक भी (लोकसभा) सीट जीतेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह उनके लिए सिर्फ एक सपना है। वे लोकसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाएंगे, उन्हें इसका सपना देखने दीजिए।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की बधाई। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य की कामना है।’’
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा, समाजवादी पार्टी के प्रमुख व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उन्हें व उनके परिवार वालों को हार्दिक बधाई तथा उनकी अच्छी सेहत के साथ लंबी उम्र की शुभकामनाएं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, श्री अखिलेश यादव जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ रखें व दीर्घायु दें।
चार बार लोकसभा सदस्य रह चुके अखिलेश यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष हैं और करहल विधानसभा से विधायक हैं। वह 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और 2012 से 2018 तक (एक बार) उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं।

Loading

Back
Messenger