Breaking News

केंद्र में सरकार बदलने पर हट सकती है उत्तर प्रदेश की भी सरकार : Dimple Yadav

इटावा (उत्तर प्रदेश) । समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मौजूदा सरकार को हटाने की जिम्मेदारी युवाओं की है और केंद्र में भाजपा की सरकार हटने के बाद उत्तर प्रदेश में भी इस पार्टी की सरकार हट सकती है। मैनपुरी से मौजूदा सांसद डिंपल ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, 2024 का लोकसभा चुनाव कहीं ना कहीं संविधान और लोकतंत्र को बचाने का भी चुनाव है। समाज का हर वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। भाजपा के लोग झूठी बातें फैलाते हैं। अब पूरा प्रदेश और देश जान गया है कि यह झूठ और लूट की सरकार है। 
डिंपल ने कहा, हमें यह चुनाव बहुत बारीकी के साथ-साथ चालाकी से भी लड़ना है। हमारा उद्देश्य यही होना चाहिए कि जो सरकार संविधान को मिटाना चाहती है और संविधान के माध्यम से हमें मिलने वाले राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक अधिकारों और सम्मान को छीनना चाहती है, उसको हटाने का यह सही समय है। अगर यह सरकार केंद्र से हटती है तो उत्तर प्रदेश से भी यह सरकार हट सकती है। उन्होंने कहा, हम सभी जानते हैं कि किस तरह से चुनावी बॉण्ड के माध्यम से भाजपा ने पूरे देश में भ्रष्टाचार फैलाया है। भाजपा सरकार ने अग्नि वीर योजना लाकर देश को नीचा दिखाने का काम किया है। यह केवल चार साल की नौकरी की योजना है। मैं समझती हूं कि ऐसी सरकार को हटाने का दायित्व सभी युवाओं का है। 
सपा सांसद ने किसी का नाम लिये बगैर कहा, आप सब हमारा परिवार हैं और जिनके परिवार नहीं हैं, वह यह नहीं समझ पाएंगे कि परिवार के साथ भावनात्मक रिश्ता क्या होता है। डिंपल ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि इस बार लोकसभा चुनाव में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन चुनाव जीत रहा है, केवल इतना जानना बाकी है कि कितने अंतर से जीतते हैं और क्या हम अपनी पिछली जीत का अंतर और बढ़ा पाते हैं या नहीं। 
उन्होंने भाजपा पर राशन में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा, आज से 10 साल पहले सरकारी राशन में केरोसिन तेल के साथ—साथ दाल, गेहूं और चावल मिलता था। इन लोगों (भाजपा सरकार) ने राशन में भारी कटौती कर दी है। राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति जघन्य अपराधों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। भाजपा द्वारा मैनपुरी सीट से प्रदेश के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को मैदान में उतारे जाने के बारे में डिंपल ने कहा, मैं समझती हूं कि लोग समझ गए हैं कि उन्हें क्यों उतारा गया है क्योंकि वे जानते हैं कि जयवीर सिंह दबाव की राजनीति में भरोसा करते हैं। इस बार सपा रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल करेगी।

Loading

Back
Messenger