ओडिशा में सिमिलिपाल राष्ट्रीय उद्यान से एक जंगली हाथी बृहस्पतिवार तड़के मयूरभंज जिले के बारिपदा शहर में घुस आया जिसकी दहशत के कारण लोग घंटों अपने घरों में दुबके रहे। बाद में लोगों ने उसे वापस जंगल में खदेड़ दिया।
शहर में बृहस्पतिवार सुबह उस समय दहशत व्याप्त हो गई जब एक हाथी समिलिपाल राष्ट्रीय उद्यान का रास्ता भटककर मानव आबादी क्षेत्र में घुस आया।
अधिकारियों ने बताया कि एक वायरल वीडियो में हाथी को शहर में एक जगह से दूसरी जगह दौड़ते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। जानवर ने कुछ घरों और चारदीवारी की लोहे की ग्रिल को नुकसान पहुंचाया।
हाथी सबसे पहले एमकेसी सरकारी हाई स्कूल में पहुंचा।
स्कूल मकर संक्रांति और श्रीमंदिर परिक्रमा प्रकल्प के उद्घाटन के कारण बंद था लेकिन कुछ छात्र छात्रावास में थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, सबसे पहले हमने छात्रावास से 30 छात्रों को सुरक्षित निकाला क्योंकि हाथी ने स्कूल की चारदीवारी तोड़ दी थी। उन्होंने कहा कि इसके बाद स्थानीय लोगों ने हाथी का पीछा किया।
स्कूल के एक शिक्षक ने कहा कि हाथी को देखकर बच्चे डर के मारे चिल्लाने लगे। हालांकि हाथी के हमले में किसी को कोई चोट नहीं पहुंची।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) संतोष जोशी ने कहा कि हाथी ने शहर छोड़ने तक लगभग छह घंटे तक उत्पात मचाया।
हाथी के शहर के मध्य में घुसने के साथ ही पुलिस ने सभी प्रमुख सड़कों को अवरुद्ध कर दिया और लोगों से घरों में रहने के लिए कहा। पुलिस ने लोगों से जानवर पर पत्थर फेंककर उसे नहीं भड़काने की अपील की।
डीएफओ ने कहा कि सिमिलिपाल राष्ट्रीय उद्यान के वन अधिकारियों नेहाथी का पीछा किया और उसे वापस उद्यान में भेज दिया।
हाथी को शहर से वापस उद्यान में भेजने के लिए वन और पुलिस के लगभग 50 कर्मी लगे हुए थे।