Breaking News

Mainpuri Bypoll: करहल में चुनाव प्रचार करने पहुंचे योगी आदित्यनाथ, चाचा-भतीजे की जोड़ी पर जमकर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के गढ़ मैनपुरी में राजनीतिक सरगर्मियां जारी है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि मैनपुरी में उप चुनाव हो रहे हैं। मैनपुरी में आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उम्मीदवार रघुराज शाक्य के पक्ष में चुनावी प्रचार किया। इस दौरान वह अखिलेश यादव के विधानसभा क्षेत्र करहल पहुंचे थे। करहल में ही चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी ने अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव पर जमकर निशाना साधा। आपको बता दें कि मैनपुरी उप चुनाव को लेकर अखिलेश यादव और शिवपाल यादव एक साथ दिखाई दे रहे हैं। दोनों चाचा भतीजे में इस वक्त एकता भी दिख रही है। शिवपाल यादव ने तो यह तक कह दिया है कि अब कुछ भी हो जाए वह अखिलेश यादव के साथ ही रहेंगे। 
 

चुनाव प्रचार के दौरान योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग अपने को समाजवादी कहते हैं लेकिन वास्तविक चरित्र उनका केवल परिवारवाद का है। उन्होंने तंज कसते हुए साफ तौर पर कहा कि सब कुछ परिवार का ही चाहिए राष्ट्र अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, विधायक, सांसद सभी परिवार का, परिवार के दायरे से कोई बाहर नहीं निकल पाता। योगी ने आगे कहा कि पहले जब कोई नौकरी निकलती थी और नौकरी निकलने के बाद चाचा (शिवपाल यादव) वसूली के लिए अलग निकल पड़ते थे और भतीजे (अखिलेश यादव) अलग निकल पड़ते थे। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद नौजवानों का शोषण होता था और इटावा, मैनपुरी बदनाम होता था। 
 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि चाचा शिवपाल की स्थिति पेंडुलम जैसी हो गई है। बेचारे को पिछली बार कितना बेइज्जत करके भेजा था, कुर्सी तक नहीं मिली, कुर्सी के हैंडल पर बैठना पड़ा था। उन्होंने कहा कि जीवन में पेंडुलम कभी नहीं बनना चाहिए। पेंडुलम का कोई लक्ष्य नहीं होता है। इससे पहले राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार केंद्र में व प्रदेश में जब से आयी है, तब से लेकर के अब तक गरीब के जीवन में खुशियां लाने का कोई काम हमने बाकी रखा है क्या? आज गरीब आदमी को निःशुल्क राशन मिल रहा है और सपा के समय केवल भाषण मिल रहा था।

Loading

Back
Messenger