Breaking News

योगी का निशाना, कांग्रेस शहीदों और सैनिकों का अपमान करने वाली पार्टी, राम मंदिर निर्माण में डाल रही थी रुकावट

गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। योगी आदित्यनाथ ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस शहीदों और सैनिकों का अपमान करने वाली पार्टी है। अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाली, शहीदों और सैनिकों का अपमान करने वाली पार्टी है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कार्य रुका था क्योंकि कांग्रेस रुकावट डाल रही थी। 
 

वहीं, वडोदरा में आयोजित जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव का इससे अच्छा उत्सव और क्या हो सकता है कि दुनिया के वे 20 बड़े देश जिनके पास दुनिया का 80 फीसदी संसाधनों पर अधिकार है, अगले एक वर्ष तक PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उनका नेतृत्व करेगा। योगी आदित्यनाथ ने गोधरा में भी रोड शो किया। इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। क्या कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवा सकती थी? कांग्रेस पर कभी भरोसा न करें। कांग्रेस कभी राम मंदिर का निर्माण नहीं करवा सकती थी। सरदार पटेल ने सोमनाथ मंदिर को पुनर्जीवित करने के लिए काम किया था लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध किया था।
 

योगी ने कहा कि दंगे, कर्फ्यू, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार कांग्रेस की पहचान है। कांग्रेस जहां भी जाती है, इन चीजों को अपनी विरासत के तौर पर ले जाती है। ये उसके जीन में शामिल हैं। गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के लिए एक और दूसरे चरण के लिए पांच दिसंबर को मतदान होगा। आठ दिसंबर को मतगणना होगी। आपको बता दें कि गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के प्रचार अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। भाजपा का भी दावा है कि इस बार गुजरात में सभी रिकॉर्ड टूटेंगे। 

Loading

Back
Messenger