Breaking News

गोरखपुर में जश्न फायरिंग करने के आरोप में युवक गिरफ्तार, असलहा बरामद

जिले के खोराबार इलाके में वर्ष 2018 में एक उत्सव के दौरान फायरिंग की घटना का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी युवक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक अपने दोस्तों के साथ नाचते और एक उत्‍सव में कार्बाइन जैसे हथियार से हवा में गोली चलाते दिखता है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से कार्बाइन जैसा हथियार भी बरामद कर लिया।

उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपी की पहचान समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव कुंवर प्रताप सिंह के बेटे विजय प्रताप सिंह के रूप में हुई है।
विजय प्रताप सिंह वर्तमान में खोराबार पुलिस थाना क्षेत्र के मटौनी ग्राम सभा का ग्राम प्रधान है और वह वरिष्ठ सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव द्वारा बनाई गई पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का प्रदेश महासचिव भी रह चुका है। वीडियो में आरोपी अन्य युवकों के साथ नाचते और हवा में गोली चलाते दिखता है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) केके विश्नोई ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक उत्‍सव में काबाईन से आरोपी फायरिंग करता दिखता है। उन्होंने बताया कि इसके बाद शुक्रवार को आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
विश्नोई ने बताया कि घटना 16 नवंबर 2018 की है और यह मामला कल बृहस्पतिवार को सामने आया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने अपने एक रिश्तेदार के यहां मुंडन समारोह में फायरिंग की थी। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके यहां से कार्बाइन जैसा हथियार भी बरामद किया।

विश्नोई ने कहा कि उसके खिलाफ पहले से ही चार मामले दर्ज हैं, जिनमें 2021 में पिस्तौल के साथ जश्न मनाने का एक मामला भी शामिल है। उन्होंने बताया कि पुलिस उससे यह पूछताछ कर रही है कि उसने दोनों हथियार कहां से खरीदे थे।
गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार को खोराबार के आरक्षी नितेश कुमार को अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहने, सूचना एकत्र करने में लापरवाही बरतने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ विभागीय जांच का भी आदेश दिया।

Loading

Back
Messenger