Breaking News

Australia के अपतटीय क्षेत्र से Indonesia के 11 मछुआरों को बचाया गया, आठ की मौत की आशंका

उत्तर पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के अपतटीय क्षेत्र में एक बंजर द्वीप पर छह दिन से बिना भोजन पानी के फंसे इंडोनेशिया के 11 मछुआरों को बचा लिया गया है जबकि आठ अन्य की मौत होने की आशंका है। वे शक्तिशाली उष्णकटिबंधीय चक्रवात की वजह से समुद्र में भटक गए थे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पिछले शुक्रवार को इंडोनेशिया की मछली पकड़ने की दो नौकाएं चक्रवात इल्सा की चपेट में आ गई थीं। यह आठ साल में ऑस्ट्रेलिया का सबसे शक्तिशाली तूफान था जिस दौरान 289 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं।

ऑस्ट्रेलिया के समुद्र सुरक्षा प्राधिकरण ने जीवित बचे लोगों के हवाले से एक बयान में कहा कि जब हिंद महासागर में इल्सा मजबूत हो रहा था और तट की ओर बढ़ रहा था तब 11 या 12 अप्रैल को खराब मौसम की वजह से ‘पुत्री जया’ नामक नौका डूब गई।
बयान के मुताबिक, दूसरी ‘एक्सप्रेस1’ नामक नौका पर 10 लोग सवार थे और वह 12 अप्रैल के तड़के बेडवेल द्वीप में फंस गई।
उसमें कहा गया है कि ‘पुत्री जया’ पर सवार एक ज्ञात व्यक्ति 30 घंटे तक पानी में रहने के बाद इसी द्वीप आ गया।
प्राधिकरण ने कहा कि वे सभी छह दिन तक बिना भोजन पानी के बेडवेल द्वीप पर फंसे रहे और उन्हें सोमवार रात को अधिकारियों ने बचा लिया।
इन लोगों को सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई सीमा बल ने नियमित निगरानी मिशन के दौरान विमान से देखा था।

Loading

Back
Messenger