Breaking News

माउंट एवरेस्ट पर Avalanche की चपेट में आकर तीन शेरपा लापता

विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के सबसे खतरनाक हिस्से में हिमस्खलन के दौरान बुधवार को एक गहरी खाई में गिर जाने से तीन नेपाली शेरपा लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नेपाली अधिकारियों ने कहा कि यह घटना माउंट एवरेस्ट के कैंप-1 और बेस कैंप के बीच उस समय हुई, जब शेरपा रसद ले जा रहे थे।
‘काठमांडू पोस्ट’ अखबार की खबर के मुताबिक, लगभग 25 शेरपा का एक दल बुधवार तड़के बर्फीली चोटी ‘खुम्बू’ के ऊपर चढ़ रहा था, तभी 50 मीटर से अधिक विशाल हिमखंड पहाड़ से नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर तीन शेरपा लापता हो गए।

लापता लोगों की पहचान थेमवा तेनजिंग शेरपा, लकपा रीता शेरपा और बदुरे शेरपा के रूप में की गई है।
रिपोर्ट में ‘हिमालयन रेस्क्यू एसोसिएशन’ के एवरेस्ट आधार शिविर समन्वयक एल. नोरबू शेरपा के हवाले से कहा गया है कि लापता पर्वतारोहियों के जीवित मिलने की संभावना ‘‘बहुत कम’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘वे पांच से छह मीटर नीचे दब गए हैं।’’
नोरबू शेरपा ने कहा कि दोबारा हिमस्खलन के जोखिम के कारण तलाशी अभियान शुरू करना भी संभव नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पर्यटन विभाग के एक अधिकारी बिग्यान कोइराला ने बताया कि बचाव अभियान जारी हैं।

Loading

Back
Messenger