भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के मामले में दोषियों में से एक संथन का शव अंतिम संस्कार के लिए शुक्रवार को यहां लाया गया। दो दिन पहले चेन्नई के एक अस्पताल में हृदय के अचानक काम करना बंद करने (कार्डियक अरेस्ट) से उसकी मौत हो गयी थी।
श्रीलंका निवासी संथन उर्फ टी सुथेन्डिरराजा (55) उन सात लोगों में से एक था, जिन्हें उच्चतम न्यायालय ने 2022 में रिहा कर दिया था, क्योंकि वे लोग 1991 में श्रीपेरम्बुदुर में गांधी की हुई हत्या के सिलसिले में 20 साल से अधिक समय जेल में गुजार चुके थे।
यकृत के काम करना बंद कर देने के बाद संथन को पिछले महीने चेन्नई में एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 28 फरवरी को हृदय के काम करना बंद करने से उसकी मृत्यु हो गयी थी।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘ श्रीलंकाई एयरलाइंस की उड़ान यूएल 122 से दोपहर को उसका शव यहां लाया गया। उसके कई रिश्तेदार उसका शव ग्रहण करने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे।’’
संथन के वकील पुगाझेंधी ने बताया कि उसके शव को श्रीलंका में उसके घर ले जाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को मद्रास उच्च न्यायालय ने तमिलनाडु सरकार को संथन का शव श्रीलंका भेजने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया था।