Breaking News

कुर्दिश-ईरानी महिला महसा अमीनी को मरणोपरांत यूरोपीय संघ का शीर्ष मानवाधिकार पुरस्कार

कुर्दिश-ईरानी महिला महसा अमीनी को यूरोपीय संघ (ईयू) के शीर्ष ‘सखारोव मानवाधिकार पुरस्कार’ से मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। बृहस्पतिवार को यह घोषणा की गई।
अमीनी (22) की पिछले साल ईरान में पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी और इस घटना के बाद देश के रूढ़िवादी इस्लामी धर्मतंत्र के खिलाफ दुनियाभर में प्रदर्शन हुए थे।
मानवाधिकार के क्षेत्र में दिए जाने वाले यूरोपीय संघ के शीर्ष पुरस्कार ‘सखारोव प्राइज फोर फ्रीडम आफ थौट’ को यह नाम असंतुष्ट सोवियत नेता आंद्रेई सखारोव के नाम पर दिया गया था। इस पुरस्कार की शुरुआत 1988 में मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रता की रक्षा करने वाले व्यक्तियों या समूहों को सम्मानित करने के लिए की गई थी। नोबेल शांति पुरस्कार विजेता सखारोव का 1989 में निधन हो गया था।

इस वर्ष इस पुरस्कार के दावेदारों में विल्मा नुनेज डी एस्कोर्सिया और रोमन कैथोलिक बिशप रोलैंडो अल्वारेज शामिल थे जिन्होंने निकारागुआ में मानवाधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। इनके अलावा पोलैंड, अल सल्वाडोर और अमेरिका की तीन महिलाएं भी शामिल थी जो ‘‘मुफ्त, सुरक्षित और कानूनी गर्भपात’’ के लिए लड़ाई का नेतृत्व कर रही हैं।
हिजाब नहीं पहनने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद 16 सितंबर, 2022 को अमीनी की मौत हो गई थी।
यूरोपीय संसद की अध्यक्ष रोबर्टा मेत्सोला ने कहा कि अमीनी की मौत के बाद महिलाओं ने एक आंदोलन शुरू किया जिसके जरिये इतिहास रचा जा रहा है।
ईरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के तीन दिन बाद अमीनी की मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने हालांकि कहा था कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था लेकिन अमीनी के समर्थकों का कहना था कि पुलिस ने उनकी (अमीनी) पिटाई की थी और पिटाई से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई।
अमीनी की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया जो पूरे देश में फैल गया था।
मानवाधिकार समूहों के अनुसार अधिकारियों ने हिंसक कार्रवाई का जवाब दिया जिसमें 500 से अधिक लोग मारे गए थे और 22,000 से अधिक अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया।
इस साल की शुरुआत में प्रदर्शन काफी हद तक समाप्त हो गये थे, लेकिन अभी भी असंतोष के व्यापक संकेत देखने को मिलते हैं।
पुरस्कार समारोह 13 दिसंबर को आयोजित होगा।
पिछले साल यह पुरस्कार यूक्रेन के लोगों और उनके प्रतिनिधियों को रूस के हमले का जवाब देने के लिए प्रदान किया गया था।

Loading

Back
Messenger