Breaking News

इजराइल-हमास युद्ध में 29 हजार से अधिक फलस्तीनियों की मौत, गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा

रफह। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से क्षेत्र में 29 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। हमास के शासन वाले गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि बीते 24 घंटे में 107 शव अस्पतालों में लाए गए हैं, जिसके बाद युद्ध शुरू होने से अब तक मरने वालों की कुल संख्या 29,092 हो गई है। मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि कितने आम लोग और कितने लड़ाके मारे गए हैं। हालांकि उसने बताया कि मारे गए लोगों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। 
मंत्रालय ने कहा कि 69 हजार से अधिक फलस्तीनी घायल हुए हैं। सात अक्टूबर को हमास के चरमपंथियों ने दक्षिण इजराइल पर हमला कर दिया था, जिसमें 1,200 के आसपास लोग मारे गए थे जबकि करीब 250 लोग बंधक बना लिए गए थे। हमास के हमले के बाद इजराइल ने गाजा के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया था। नवंबर में हुए एक सप्ताह के संघर्ष विराम के दौरान हमास ने 100 से अधिक बंधकों को रिहा किया था, जिसके बदले इजराइल ने 240 फलस्तीनियों को छोड़ा था। 130 बंधक अब भी चरमपंथियों के कब्जे में है, जिनमें एक चौथाई की मौत होने की आशंका है। 
रविवार को सेवानिवृत्त जनरल और नेतन्याहू के तीन-सदस्यीय युद्ध मंत्रिमंडल के सदस्य बेनी गैंट्ज ने चेतावनी दी कि यदि मुसलमानों के पवित्र महीने रमजान की शुरुआत तक बंधकों को मुक्त नहीं किया गया, तो रफह में भी हमले किए जा सकते हैं। रमजान का महीना 10 मार्च के आसपास शुरू होने की उम्मीद है।

Loading

Back
Messenger