Breaking News

समुद्र तट पर कचरे का अंबार लगने की समस्या से जूझ रहा नाइजीरिया

नाइजीरिया की 180 किलोमीटर लंबी अरारोमी तटरेखा के पास नौ महीने तक समुद्री गंदगी पर अध्ययन करते समय हमें बोतलों, प्लास्टिक थैलियों और सर्जिकल मास्क समेत 29,029 वस्तुएं मिलीं। इस कचरे का वजन 465.54 किलोग्राम था, जो काफी अधिक है।
हमने जनवरी से सितंबर 2021 के बीच दक्षिण-पश्चिम नाइजीरिया के इलाजे में स्थित अरारोमी समुद्र तट पर यह अध्ययन किया।
ओबाफेमी अवोलोवो यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर एनर्जी रिसर्च एंड डेवलपमेंट (सीईआरडी) और छात्र स्वयंसेवी समूह ‘मरीन लिटर वॉच नाइजीरिया’के शोधकर्ताओं के बीच सहयोग के तहत यह अध्ययन किया गया।

इसका उद्देश्य क्षेत्र के बारे में आधारभूत डेटा प्रदान करना और समुद्री कचरे की निगरानी व रोकथाम के बारे में जानकारी हासिल करना था।
अध्ययन के दौरान समुद्र तट की स्वच्छता का आकलन करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपयोग किए जाने वाले विज्ञान आधारित “स्वच्छ तट सूचकांक” का इस्तेमाल किया गया। शुष्क मौसम के दौरान समुद्र तट पर गंदगी और बरसात के मौसम में बहुत गंदगी देखी गई।
पिछले एक दशक में, समुद्री कचरा एक बढ़ती वैश्विक समस्या के तौर पर उभरा है जो पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और मानव स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा बन गया है।

वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन ‘ओशन कंजरवेंसी’ ने बताया कि 2021 में दुनिया के लगभग 30,000 किलोमीटर तटीय क्षेत्रों में कचरे से संबंधित लगभग 97,60,227 वस्तुएं एकत्र की गईं।
फिलहाल, विश्व मांस उत्पादन का केवल 17 प्रतिशत समुद्र से प्राप्त भोजन है। लेकिन मांग जोरदार तरीके से बढ़ने की उम्मीद है।
समुद्री कचरा जैव विविधता, समुद्री भोजन के उत्पादन और समुद्री अर्थव्यवस्था के लिए खतरों में से एक है।
हमारे अध्ययन और अन्य अध्ययनों से यह स्पष्ट है कि पश्चिम अफ्रीका की समुद्री कचरे की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इस क्षेत्र की अनुमानित आबादी कम से कम 41.9 करोड़ है और यह जनसांख्यिकी व आर्थिक रूप से महाद्वीप के सबसे तेजी से उभरते क्षेत्रों में से एक है।
सामने आया है कि कैमरून, नाइजीरिया, सेनेगल और सिएरा लियोन के समुद्र तटों पर हजारों किलोग्राम कचरा जमा होने से क्षेत्र का आर्थिक व पर्यटन विकास बाधित हो सकता है, साथ ही लोगों के स्वास्थ्य को भी खतरा हो सकता है।

कूड़े के अंबार-
राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन उन वस्तुओं को समुद्री कचरे के रूप में परिभाषित करता है, जो लोगों की वजह से पैदा हुईं या जिनका उन्होंने उपयोग किया और फिर समुद्र/नदियों के अंदर अथवा समुद्र तटों पर छोड़ दिया।
इनमें वे वस्तुएं भी शामिल हैं जो नदियों, सीवर, तूफान के पानी या हवाओं द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से समुद्र में मिल जाती हैं, या खराब मौसम के कारण समुद्र में फैल जाती है। औद्योगिक उत्सर्जन, अशोधित नगरपालिका सीवेज आदि से पैदा होने वाले कचरे को भी समुद्री कचरा माना जाता है।

हमारे ‘सेंटर फॉर एनर्जी रिसर्च एंड डेवलपमेंट’ ने अरारोमी समुद्र तट पर पाई गईं 29,029 वस्तुओं का विश्लेषण किया।
अरारोमी दक्षिण-पश्चिम नाइजीरिया के ओन्डो राज्य के इलाजे क्षेत्र में स्थित एक तटीय शहर है। यह 3,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और नाइजीरिया के सबसे अधिक आबादी वाले शहर, लागोस के पूर्व की ओर 238 किमी दूर स्थित है।
यहां समुद्र तट पर मछली पकड़ने वाले 82 से अधिक समुदाय हैं। मछली पकड़ना और नाव बनाना इलाजे के लोगों की आय का प्रमुख स्रोत है।

स्वच्छ तट सूचकांक द्वारा अरारोमी समुद्र तट का आकलन किया गया।शुष्क मौसम के दौरान यह समुद्र तट गंदा पाया गया और इस दौरान कचरे के रूप में 7,358 वस्तुएं मिलीं, जिनका वजन 141.3 किलोग्राम था। बरसात के मौसम में समुद्र तट बेहद गंदा पाया गया। इस दौरान कचरे के रूप में 21,671 वस्तुएं मिलीं, जिनका वजन 324.24 किलोग्राम था। बरसात के दौरान ज्यादा कचरा पाए जाने का मतलब है कि विभिन्न जलमार्गों के माध्यम से समुद्री अपशिष्ट पैदा होने में बारिश एक प्रमुख कारक रहा है।

हमें जो वस्तुएं मिलीं उनमें कांच, धातु, प्लास्टिक (पेय पदार्थों की बोतलें, ढक्कन, डिस्पोजेबल कप, कांटे वाले चम्मच), मछली पकड़ने का सामान, रस्सी, लकड़ी के डिब्बे, कपड़े, सिगरेट की बट और चिकित्सा अपशिष्ट (सिरिंज, फेसमास्क,पीपीई, ड्रिप बोतलें और सैनिटरी पैड) आदि शामिल हैं।
अधिकांश वस्तुएं घर में इस्तेमाल होने वाली थीं, जिनका सही ढंग से निपटान नहीं किया गया था। इसमें से कुछ कचरा पर्यटकों और मछली पकड़ने की गतिविधियों के कारण पैदा हुआ।

समुद्री कचरे की समस्या से निपटने के उपाय-
पहला उपाय यह है कि सरकार, गैर सरकारी संगठन या स्वयंसेवक सतत और समन्वित स्वच्छता पर ध्यान दें। अरारोमी में अपने अध्ययन के दौरान हमने ऐसा कुछ नहीं देखा। समुद्र तट पर जाने वालों के उपयोग के लिए कोई कूड़ेदान नहीं था। मछुआरा समुदायों के बीच समन्वित प्रयास से मछली पकड़ने के उपकरणों का निपटान किया जा सकता है।
विभिन्न स्तरों पर सरकार को समुद्री कचरे के खतरों और इसे नियंत्रित करने वाले कानूनी, नीतिगत और संस्थागत ढांचे के बारे में अधिक जागरूकता पैदा करनी चाहिए।

इससे स्थानीय समुदायों को यह समझने में मदद मिलेगी कि समुद्र तट और लैगून जैसे प्राकृतिक संसाधन उनकी विरासत हैं, और उन्हें संरक्षित करने की आवश्यकता है।
निर्माण क्षेत्र से जुड़ीं कंपनियों को अपने कचरे की निगरानी और सफाई पर ध्यान रखना चाहिए। उन्हें जागरूकता कार्यक्रमों का समर्थन करने और सफाई गतिविधियों को प्रायोजित करने की भी आवश्यकता है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि निर्माण कंपनियों को अपने उत्पाद की पैकेजिंग के विकल्प के रूप में नवीन सामग्रियों का विकास करना चाहिए जो पर्यावरण के अनुकूल हों।

Loading

Back
Messenger