Breaking News

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने रूसी रक्षा मंत्री से मुलाकात की

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने सैन्य मुद्दों और क्षेत्रीय सुरक्षा माहौल पर चर्चा के लिए रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मुलाकात की।
सरकारी मीडिया ने यह बृहस्पतिवार को जानकारी दी। उसने यह भी बताया कि यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध के प्रति उत्तर कोरिया का समर्थन फिर सामने आया।
उत्तर कोरिया आज 1950-53 के युद्धविराम की 70वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस युद्धविराम के बाद कोरियाई जंग थम गई थी।
उत्तर कोरिया की सरकारी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने बताया कि किम और शोइगु की मुलाकात बुधवार को राजधानी प्योंगयांग में हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने ‘राष्ट्रीय रक्षा एवं सुरक्षा तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के माहौल को लेकर आपसी चिंता के मामलों’ पर सहमति व्यक्त की। जिन मुद्दों पर सहमति बनी उनके बारे में स्पष्ट रूप से जानकारी नहीं दी गई।

केसीएनए के अनुसार इस भेंटवार्ता के दौरान शोइगु ने किम को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा लिखा गया ‘शुभकामना संदेश’ सौंपा। लेकिन न्यूज एजेंसी की खबर में यह नहीं बताया गया कि दोनों ने किन सैन्य मामलों पर चर्चा की।
उत्तर कोरिया यूक्रेन युद्ध के सिलसिले में रूस के पक्ष में खड़ा रहा है। उसका कहना है कि अमेरिका की अगुवाई में पश्चिमी देशों की ‘वर्चस्ववादी नीति’ ने रूस को अपने सुरक्षा हितों की रक्षा के वास्ते सैन्य कार्रवाई करने के लिए बाध्य किया है।
अमेरिका के बाइडन प्रशासन ने उत्तर कोरिया पर यूक्रेन युद्ध में रूस को हथियार देने का आरोप आया है। लेकिन उत्तर कोरिया ने इस आरोप से इनकार किया है।

केसीएनए ने कहा कि किम शोइगु भेंट से ‘‘ राष्ट्रीय रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग बढ़ाने में मदद करेगी।’’
केसीएनए ने यह भी बताया कि किम शोइगु को एक हथियार प्रदर्शनी में भी ले गए, जहां उत्तर कोरिया के कुछ नए हथियारों को रखा गया था।किम ने शोइगु को देश की सैन्य क्षमताओं का विस्तार करने की राष्ट्रीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बुधवार को शोइगु ने उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्री कांग सुन नाम के साथ भी बातचीत की, जिसका उद्देश्य ‘दोनों देशों के रक्षा विभागों के बीच सहयोग को मजबूत करना’ था।

Loading

Back
Messenger