Breaking News

सीमा पार से यूक्रेन के हमलों के बीच पुतिन ने अचानक चेचन्या का दौरा किया

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को रूसी संघ के भीतर मुख्य रूप से मुस्लिम गणराज्य चेचन्या का अचानक दौरा किया।
यह लगभग पिछले 13 साल में चेचन्या का उनका पहला दौरा है। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब यूक्रेन सीमा पार से पश्चिमी रूस में तीन सप्ताह से लगातार हमले कर रहा है।

रूस के कुर्स्क क्षेत्र में कीव के आक्रमण से युद्ध की दिशा बदल रही है और यूक्रेन की युद्ध से थकी हुई जनता का मनोबल बढ़ रहा है। हालांकि, इस आक्रमण के अंतिम परिणाम की भविष्यवाणी करना अभी संभव नहीं है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद रूस पर किया गया यह पहला हमला है।

पुतिन का स्वागत चेचन्या के स्वयंभू दबंग नेता रमजान कादिरोव ने किया। पुतिन ने वहां विशेष बल अकादमी का दौरा किया और यूक्रेन में तैनात होने से पहले वहां प्रशिक्षण लेने वाले स्वयंसेवी लड़ाकों से बातचीत की।

इस अकादमी का नाम पुतिन के नाम पर रखा गया है।
रूस की सरकारी एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने इन स्वयंसेवी लड़ाकों की प्रशंसा की और कहा कि जब तक रूस के पास उनके जैसे लोग हैं, तब तक उसे ‘‘कोई हरा नहीं’’ सकता।
कादिरोव ने अपने आधिकारिक ‘टेलीग्राम’ चैनल पर एक पोस्ट में कहा कि मॉस्को द्वारा यूक्रेन में अपना ‘‘विशेष सैन्य अभियान’’ शुरू किए जाने के बाद से स्वयंसेवकों सहित 47,000 से अधिक लड़ाके इस केंद्र में प्रशिक्षण ले चुके हैं।

चेचन्या के लड़ाके यूक्रेन के साथ संघर्ष में दोनों पक्षों की ओर से लड़ रहे हैं। तत्कालीन सोवियत संघ के पतन के बाद स्वतंत्रता समर्थक लड़ाकों का रूसी सरकारी बलों के साथ कई वर्षों तक युद्ध चला।

दिवंगत चेचन नेता जोखर दुदायेव के प्रति वफादार कीव समर्थक स्वयंसेवक पुतिन और कादिरोव का समर्थन करने वाली चेचन सेना के कट्टर दुश्मन हैं। जोखर दुदायेव आजादी समर्थक नेता थे।
पुतिन मंगलवार को कादिरोव के पिता एवं पूर्व चेचन नेता अखमत कादिरोव की कब्र, एक कमांड पोस्ट और स्थानीय राजधानी ग्रोज्नी की एक मस्जिद में भी गए।

Loading

Back
Messenger