Breaking News

Russian सेना ने बखमुत में Ukrainian सैनिकों पर हमले तेज किए

यूक्रेन के बखमुत शहर में एक बार फिर लड़ाई तेज हो गई है। रूसी सैनिक युद्ध में बर्बाद हो चुके शहर में यूक्रेनी सैनिकों पर तीन ओर से ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं और उन तक सैन्य साजो-सामान की आपूर्ति को रोकने के भरपूर प्रयास कर रहे हैं। रूसी अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस ने बखमुत पर फिर से हमले तेज कर दिए हैं।
मंत्रालय के आकलन के अनुसार, “यूक्रेन के सैनिकों ने अब भी शहर के पश्चिमी जिलों पर पकड़ बना रखी है, लेकिन विशेष रूप से बीते 48 घंटे में रूस ने यूक्रेनी सेना पर तोपों से हमले तेज कर दिए हैं। ”

हाल तक अभियान की अगुवाई कर रहा रूस का कुख्यात निजी सैन्य समूह वैगनर ग्रुप अब धीमा पड़ रहा है। दोनों ओर से हजारों लोगों की मौत के बाद अब रूसी सैनिकों ने मोर्चा संभाल लिया है।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी कहा कि शुक्रवार को शहर के पश्चिमी हिस्सों में लड़ाई तेज हो गई है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “वैगनर समूह पश्चिमी बखमुत के क्षेत्रों पर कब्जा करने के विशेष अभियान में जुटा हुआ है और वायुसेना उन्हें हवाई सुरक्षा प्रदान कर रही है।”
बखमुत दोनेत्स्क प्रांत में स्थित है। दोनेत्स्क उन चार प्रांतों में से एक है जिसके एक हिस्से को रूस ने अवैध रूप से हड़प लिया था। दोनेत्स्क प्रांत के लगभग आधे हिस्से पर रूस का नियंत्रण है। प्रांत के शेष आधे हिस्से पर नियंत्रण के लिए रूस बखमुत में जोर आजमाइश कर रहा है।

Loading

Back
Messenger