Breaking News

Easter पर शांति की अपील के बावजूद यूक्रेन में गोलाबारी जारी

यूक्रेन के अधिकारियों ने रविवार को कहा कि रूसी सैन्य बलों द्वारा की गयी गोलाबारी में कम से कम सात नागरिकों की मौत हो गयी।
ये गोलाबारी ऐसे वक्त में हुई जब पोप फ्रांसिस और आर्कबिशप ऑफ कैंटरबरी जस्टिन वेलबी ने ईस्टर पर अपने पारंपरिक संदेश में यूक्रेन में युद्ध तथा दुनियाभर में अन्य संघर्ष का उल्लेख किया।
यूक्रेन में एक बड़ी आबादी ईसाई धर्म में आस्था रखने वाली है। कुछ कैथोलिक ईसाइयों ने रविवार को ईस्टर मनाया जबकि ऑर्थोडॉक्स गिरजाघरों ने पाम संडे मनाया।

यूक्रेन की सेना ने कहा कि रूसी सैन्य बल का ध्यान यूक्रेन के औद्योगिक पूर्वी क्षेत्रों पर कब्जा करने का है। उसने दो अन्य प्रांतों उत्तर-पूर्व में खारकीव तथा दक्षिण-पूर्व में जापोरिज्जिया पर मिसाइल और रॉकेट हमले किए।
खारकीव के गवर्नर ओलेह स्निहुबोव ने कहा कि कुपियांस्क शहर में गोलाबारी में रविवार को दो लोगों की मौत हो गयी। पहले यह शहर रूस के कब्जे में था लेकिन यूक्रेनी सुरक्षा बलों ने बाद में फिर से इसे अपने कब्जे में ले लिया था।
गवर्नर ने बताया कि शहर पर रविवार को हमला किया गया। रूसी सैन्य बलों ने रिहायशी इलाकों पर रॉकेट दागे।

जापोरिज्जिया शहर परिषद के सचिव अनातोली कुर्तेव ने बताया कि रातभर गोलाबारी में दो लोगों की मौत हो गयी, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।
जापोरिज्जिया क्षेत्र की गवर्नर युरी मलाश्को ने बताया कि शनिवार को हमले में तीन लोगों की मौत हो गयी तथा पांच घायल हो गए।
पोप फ्रांसिस ने वेटिकन से ईस्टर पर संदेश में ईश्वर से ‘‘प्रिय यूक्रेनी लोगों की शांति की ओर उनकी यात्रा में मदद करने तथा रूस के लोगों पर ईस्टर की रोशनी डालने’’ की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा, ‘‘युद्ध के कारण घायलों और अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों को संबल दें तथा कैदियों को उनके परिवारों तक सुरक्षित लौटाएं।’’
वहीं, यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के अनुसार, रूस ने दोनेत्स्क के लिमान, बखमुत, अव्दिविका और मरिंका पर हमलों पर ध्यान केंद्रित किया है। दोनेत्स्क के क्षेत्रीय गवर्नर पाव्लो किरिलेंको ने रविवार सुबह कहा कि शनिवार को दो नागरिक घायल हो गए।
खेरसॉन प्रांत के अधिकारियों ने भी कई हमले होने की जानकारी दी है। उन्होंने किसी के हताहत होने की सूचना नहीं दी।

Loading

Back
Messenger