Breaking News

दक्षिण कोरिया: दो दिन में चाकू से हमले की दो घटनाएं, संदिग्ध गिरफ्तार

दक्षिण कोरिया की पुलिस ने दायजेओन शहर में शुक्रवार को एक स्कूल में शिक्षक पर चाकू से हमला करने के आरोपी को हिरासत में ले लिया।
स्कूल में चाकू से हमले की घटना के ठीक एक दिन पहले बृहस्पतिवार को सेओंगनम शहर में एक व्यक्ति ने सबवे स्टेशन के नजदीक लोगों पर चाकू से हमला किया, जिसमें कम से कम 14 लोग घायल हो गए।
दायजेओन मेट्रोपॉलिटन पुलिस एजेंसी के अधिकारियों ने सोंगचोन हाई स्कूल में हुए हमले के संदिग्ध की पहचान के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने केवल इतना बताया कि ‘‘व्यक्ति की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ने शिक्षक पर चाकू से हमला करने से पहले उसके कक्षा से निकलने का इंतजार किया जिससे ऐसा लगता है कि वे परिचित थे।
पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने शिक्षक की सेहत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल ने बृहस्पतिवार की घटना के मद्देनजर ‘‘बेहद कड़े’’ कानूनी कदम उठाने को कहा है जिससे जन सुरक्षा पर लोगों के भरोसे को कायम किया जा सके। उन्होंने बृहस्पतिवार की घटना को ‘‘निर्दोष नागरिकों पर आतंकी हमला करार दिया।’’
बृहस्पतिवार को सेओंगनम में हमले की घटना में घायल हुए दो लोगों की हालत गंभीर है। सेओंगनम के हमलावर ने अपनी कार को सड़क किनारे फुटपाथ से भिड़ा दिया और इसके बाद वाहन से निकल कर उसने लोगों पर हमला किया जिसमें बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए।

ग्योंगगी प्रांत के दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार कार की टक्कर लगने से पांच लोग घायल हो गए, इसमें से दो की हालत गंभीर है। चाकू मारने की घटना में नौ लोग घायल हुए, जिनमें से आठ को काफी चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस इस मामले में 22 वर्षीय संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान उजागर नहीं की है।

Loading

Back
Messenger