यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बखमुत शहर पर रूसी सेना के कब्जे से रविवार को इनकार किया। इसके साथ ही मॉस्को के उन दावों पर संदेह की स्थिति पैदा हो गयी है कि रूस ने पूर्वी यूक्रेनी शहर पर आधिपत्य जमा लिया है।
जापान के हिरोशिमा में जी-7 समूह की बैठक में शहर की स्थिति के बारे में एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए जेलेंस्की ने कहा, ‘‘आज की तारीख तक बखमुत पर रूस का कब्जा नहीं है।’’
जेलेंस्की ने एक दुभाषिये के माध्यम से यूक्रेनी में कहा, ‘‘हम लोगों को मरने के लिए नहीं छोड़ रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट रूप से समझता हूं कि बखमुत में क्या हो रहा है। हमारे सैनिकों के साथ क्या हो रहा है, इसकी तकनीकी जानकारी मैं आपके साथ साझा नहीं कर सकता।”
इससे पहले बखमुत की स्थिति के बारे में शिखर सम्मेलन में जेलेंस्की ने एक सवाल का अंग्रेजी में जवाब दिया था और उनके जवाब की कई लोगों ने यह कहते हुए व्याख्या की थी कि शहर रूसी सेना के हाथों में चला गया है।
यह पूछे जाने पर कि क्या शहर यूक्रेन के हाथों में है, जेलेंस्की ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि नहीं, लेकिन आपको यह समझना होगा कि वहां कुछ भी नहीं है, उन्होंने सब कुछ नष्ट कर दिया है। कोई इमारत नहीं है। बड़े दुख की बात है। यह त्रासदी है।’’
जेलेंस्की ने कहा, ‘‘आज बखमुत केवल हमारे दिलों में है। वहां कुछ भी नहीं बचा है।’’
यूक्रेनी रक्षा और सैन्य अधिकारियों ने कहा कि भयंकर लड़ाई जारी है।
उप रक्षा मंत्री हन्ना मलियार ने कहा कि यूक्रेनी सैनिकों ने ‘‘शहर को अर्ध-घेराबंदी में ले रखा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुश्मन बखमुत को घेरने में विफल रहा है।’’
यूक्रेन के ‘ईस्टर्न ग्रुप ऑफ फोर्सेज’ के प्रवक्ता सेरही चेरेवती ने कहा कि यूक्रेनी सेना बखमुत के आसपास के इलाकों में स्थिति संभालने में कामयाब हो रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सेना शहर में रूसी बलों का मुकाबला कर रही है और भारी लड़ाई जारी है।’’
इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार तड़के दावा किया था कि देश की निजी सेना ‘वैगनर’ ने रूसी सैनिकों की मदद से यूक्रेन के बखमुत शहर पर कब्जा जमा लिया है।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसियों ने क्रेमलिन की प्रेस सेवा के हवाले से कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ‘‘वैगनर की हमलावर टुकड़ियों के साथ ही रूस के सशस्त्र बलों की इकाइयों के सभी सैनिकों को बधाई दी, जिन्होंने उन्हें आत्र्योमोव्स्क मुक्त कराने के अभियान को पूरा करने पर आवश्यक सहयोग दिया।’’
जापान में जी-7 की बैठक में जेलेंस्की संवाददाता सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ खड़े थे।
बाइडन ने जेलेंस्की के साथ अपनी बैठक के दौरान यूक्रेन के लिए रविवार को नये सैन्य सहायता पैकेज की घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिका गोलाबारूद और बख्तरबंद वाहन उपलब्ध कराएगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हम यूक्रेन के साथ हैं और हम उसे नहीं छोड़ रहे हैं।’’
जेलेंस्की ने सहयोग के लिए बाइडन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘हम बहुत आभारी हैं। हम कभी नहीं भूलेंगे। शुक्रिया।’’
बाद में जेलेंस्की ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने उन्हें अमेरिका की ओर से यूक्रेन को महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता देने के लिए धन्यवाद दिया।’’
विश्लेषकों का कहना है कि बखमुत में हार यूक्रेन के लिए एक झटका होगी और इससे रूस को सामरिक बढ़त मिल सकती है, लेकिन यह युद्ध के नतीजे के लिहाज से निर्णायक साबित नहीं होगी।
टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, ‘वैगनर’ के प्रमुख प्रिगोझिन ने दावा किया था कि शनिवार दोपहर को बखमुत पूरी तरह से रूसी नियंत्रण में आ गया। वीडियो में प्रिगोझिन के साथ छह लड़ाके नजर आ रहे थे और उनके पीछे खंडहर हो गई इमारतें दिख रही थीं, जबकि दूर से विस्फोट की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।
बखमुत रूस के कब्जे वाली दोनेत्स्क की क्षेत्रीय राजधानी के 55 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।
शहर की आबादी 80,000 के आसपास होने का अनुमान है। बखमुत को नमक और जिप्सम की खदानों से घिरा एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र माना जाता है।
रूस के रक्षा मंत्री सर्गेइ शोइगु ने कहा कि इस शहर पर कब्जा जमाने से रूस को दोनेत्स्क क्षेत्र में अपने अभियान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी, जो यूक्रेन के उन चार प्रांतों में से एक है, जिन पर मॉस्को ने सितंबर में गैर-कानूनी तरीके से कब्जा जमा लिया था।